दिल्ली गेट के समीप बस स्टॉप पर बनाई जाए वर्षाशालिका
उम्मीद फाउंडेशन ने जिला प्रशासन से उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। उम्मीद फाउंडेशन नाहन ने जिला प्रशासन से दिल्ली गेट के समीप पंजाब नेशनल बैंक के सामने बने बस स्टॉप पर यात्रियों के लिए वर्षाशालिका बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पंजाब नेशनल बैंक भवन की दीवार पर शीट लगाकर यह सुविधा दी जा सकती है। प्रेस को दिए बयान में उम्मीद फाउंडेशन के प्रधान जावेद उल्फत व ट्रस्टी प्रमोद शर्मा ने कहा कि नाहन में पंजाब नेशनल बैंक के सामने बने बस स्टॉप पर यात्रियों के लिए आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था नहीं है। यहां यात्रियों को बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उनके बैठने तक की भी यहां व्यवस्था नहीं है। जबकि इस बस स्टॉप से रोजाना दर्जनों बसें शिमला व जिला सिरमौर के पहाड़ी क्षेत्रों सराहां, राजगढ़, संगड़ाह, शिलाई, ददाहू आदि के लिए रवाना होती हैं। इन बसों को पकड़ने के लिए रोजाना सैकड़ों यात्री यहां बस के इंतजार में खड़े होते हैं। बावजूद इसके यहां यात्रियों के लिए बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। यही नहीं यात्रियों के लिए धूप, बारिश से बचने के लिए यहां कोई वर्षाशालिका भी नहीं बना है। इस कारण गर्मी के दिनों में यहां खड़े यात्री जहां गर्मी में परेशान रहते हैंं वहीं बारिश के दिनों में उन्हें खुद को बचाना मुश्किल हो जाता है। संस्था के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस बस स्टॉप पर यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था की जाए। गर्मी, सर्दी व बरसात के दिनों में यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए यहां वर्षाशालिका भी बनाई जाए।