नौहराधार क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि। संवाद
-रोनहाट और हरिपुरधार समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/रोनहाट (सिरमौर)। सिरमौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। रोनहाट, हरिपुरधार और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। वहीं बीते वीरवार देर रात जिले के अधिकांश इलाकों में तेज तूफान और हल्की बारिश हुई। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत महसूस की। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। शुक्रवार को मौसम बदलने के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे वातावरण खुशनुमा हो गया। उधर, खराब मौसम के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। जमटा क्षेत्र में बिजली गिरने से एक ट्रांसफार्मर जल गया, जिसके चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
पच्छाद क्षेत्र के कई इलाकों में भी वीरवार रात से शुक्रवार तड़के तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मैदानी क्षेत्रों पांवटा साहिब, नाहन और कालाअंब में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। यहां दिनभर तेज धूप पड़ने से गर्मी का असर बना रहा। बारिश से किसानों और बागवानों ने भी राहत की सांस ली है। जिले में नकदी फसलों शिमला मिर्च, बीन और टमाटर की खेती करने वाले किसानों का कहना है कि बारिश से फसलों को फायदा पहुंचेगा। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी कम हो रही थी। संवाद