बारिश के कारण आई बाढ़ में चार दिवारी समेत कीमती लाइम स्टोन बहा
बारिश से कैल्शियम कार्बोनेट बनाने वाले उद्योग को पहुंचा लाखों रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इस सप्ताह हुई मूसलाधार बारिश से एक औद्योगिक इकाई को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक कालाअंब यमुना नगर रोड पर स्थित कैल्शियम कार्बोनेट बनाने वाली इकाई हिमाचल पॉलियोलेफिंस लिमिटेड में बारिश से आई बाढ़ से चारदीवारी सहित कच्चे माल के रूप में प्रयोग होने वाला लाइम स्टोन बह गया। इसके अलावा भी और नुकसान होने की संभावना है।
फिलहाल कंपनी के विशेषज्ञों ने नुकसान का पूरा आकलन तैयार किया है। आकलन के मुताबिक कंपनी को 15.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस मामले में हिमाचल पॉलियोलेफिंस लिमिटेड के प्रभारी मुश्ताक अली ने बताया कि गत दिनों हुई लगातार मूसलाधार बारिश से उद्योग के पीछे स्थित जंगल का पानी कंपनी में घुस गया जिससे चारदीवारी का एक बड़ा हिस्सा और लाइम स्टोन का स्टॉक पानी के तेज बहाव में बह गए। इससे कंपनी को 15.50 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा भी कई तरह का नुकसान पहुंचा है जिसका आकलन किया जाना शेष है।