वीआईपी हस्तियों, विशिष्ट और आम लोगों को ठहराना भी खतरे से खाली नहीं
एक दशक से मरम्मत नहीं होने से दीवारें, फर्श, खिड़कियां और फर्नीचर जर्जर
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। विशिष्ट व्यक्तियों, वीआईपी हस्तियों और आम लोगों को ठहरने के लिए बना लोक निर्माण विभाग का कमरऊ विश्राम गृह बदहाल होकर लगभग खंडहर में तब्दील हो चुका है। वर्ष 2012 में विश्राम गृह भवन का निर्माण हुआ है। एक दशक से विश्राम गृह मरम्मत के लिए तरस रहा है। इसकी हालत ऐसी है कि यहां किसी विशिष्ट व्यक्ति को ठहराना तो दूर, आम व्यक्तियों के ठहरने लायक भी बेहतर व्यवस्था नहीं है। हालात नहीं सुधारे गए तो कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
बता दें कि कमरऊ विश्राम गृह करीब 41.15 लाख बजट से तैयार हुआ है। 9 सितंबर 2012 में तत्कालीन मुख्य संसदीय सचिव सुखराम चौधरी ने इस भवन का शुभारंभ किया था। इसमें एक वीआईपी सेट समेत कुल चार कमरे बने हैं। एक समय था जब इसी विश्राम गृह में कई मंत्री, विशिष्ट नेता, पदेन बड़े अधिकारी व जन प्रतिनिधियों को ठहरने की उचित व्यवस्था रही। फिर मरम्मत के अभाव में लोक निर्माण विभाग के कमरऊ विश्राम गृह की हालत बद से बदतर होती गई।
हैरानी की बात तो ये है कि खुद विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय इसी भवन परिसर में ही है। बावजूद इसके विभाग विश्राम गृह भवन की कोई भी सुध नहीं ले रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले एक दशक से विश्राम गृह भवन की मरम्मत नहीं हुई है। भवन की फर्श जर्जर है, किचन खस्ताहाल है, भवन की छत, दीवारों का पलस्तर उखड़ गया है। दरवाजे, खिड़कियों, बैठक हॉल समेत इन कमरों का फर्नीचर, अलमारियों व बिस्तर तक की हालत बदत्तर हो चुकी है। भवन की मरम्मत नहीं हुई, तो कभी भी कोई हादसा हो सकता है। केवल वीआईपी सेट की हालत भी कोई खास ज्यादा ठीक नहीं है।
तहसील, पटवार खाने और विकासखंड कार्यालय में रोज सैकड़ों सिरमौर और बाहरी राज्यों के लोगों का आवागमन लगा रहता है। एकमात्र ठहरने की व्यवस्था वाले विश्रामगृह की इस कदर बदहाल दशा है। विभाग की बात तो छोड़िए किसी प्रशासनिक अधिकारी, ग्राम पंचायत समेत क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों का भी कोई ध्यान नहीं है।
.............बाक्स...
मामला संज्ञान में आया है : हर्षवर्धन चौहान
- उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि स्थानीय लोगों के माध्यम से मामला संज्ञान में लाया गया है। लोक निर्माण विभाग के कमरऊ विश्राम गृह की मरम्मत को बजट प्रावधान करवाया जाएगा।
..........बाक्स...
मरम्मत को बजट प्रावधान करवाया जाएगा : दलीप तोमर
- लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता पांवटा साहिब व शिलाई मंडल का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे दलीप तोमर ने बताया कि कमरऊ विश्राम गृह की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर मंजूरी को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
संवाद