पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल किसान सभा पांवटा और किसान आंदोलन के समर्थकों ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। शनिवार को देशव्यापी चक्का जाम का समर्थन करते हुए देहरादून-पांवटा एनएच-07 भगवान परशुराम चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
बाद में एसएचओ पांवटा संजय शर्मा और यातायात प्रभारी योगराज की टीम ने प्रदर्शनकारियों को एनएच से हटाया। प्रदर्शनकारियों ने ऐलान किया है कि अभी आंशिक चक्का जाम है। केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापिस नहीं लिया तो विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
हिमाचल किसान सभा पांवटा तहसील इकाई अध्यक्ष ओम प्रकाश, तपेंद्र सिंह, गुरविंद्र सिंह और परमजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय आह्वान अनुसार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम का आह्वान था लेकिन जनसुविधा के लिए शनिवार को आंशिक चक्का जाम किया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि पराली पर एक करोड़ जुर्माना करने का ऐलान पूरे विश्व में सर्वाधिक रहा है। केंद्र सरकार किसानों और जनता को परेशान कर रही है। इसलिए, अभी आंशिक चक्का प्रदर्शन हुआ। अगर 3 कानून वापिस नहीं लिए तो और भी तेज संघर्ष होगा।
इस दौरान स्थानीय किसानों ओम प्रकाश, गुरविंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, खुशाल सिंह, रघुवीर सिंह, गुरदेव सिंह, सतनाम सिंह, चरण सिंह, परमजीत सिंह, जोगा सिंह, तरसेम सिंह, जगजीत सिंह, महेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, धर्मवीर सिंह और बलवंत सिंह समेत दर्जनों किसानों ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारी एनएच के बाइपास चौक के बीच दरियां बिछा कर बीच चौक पर बैठ गए। कुछ समय बाद ही पीसीआर बैन, यातायात प्रभारी योगराज तथा एसएचओ संजय शर्मा समेत दर्जनों पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। लोगों को दिक्कतें न हों इसके लिए प्रदर्शनकारियों को हटाया जिसके बाद यातायात फिर से सुचारु हो सका।
-------बाक्स
अचानक ही गूंजने लगे ‘मोदी-मोदी’ के नारे
देहरादून- पांवटा एनएच-07 पर कृषि बिलों के खिलाफ हुए धरना प्रदर्शन के दौरान जब किसान भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उसी समय एक युवक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खड़े होकर मोदी-मोदी के नारे लगाने लगा। यातायात प्रभारी योगराज ने माहौल को संभाल लिया। माहौल बिगड़ने से बचाते हुए शांतिपूर्वक तरीके से युवक को आंदोलनकारियों से दूसरी तरफ ले जाकर शांत किया।
------