नौहराधार के चोकर में जागरूकता शिविर के दौरान बैंक कर्मी व महिलाएं। स्रोत: बैंक
-समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार की तैयारी पर विशेषज्ञ ने किया मार्गदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय नौहराधार के कॅरिअर परामर्श एवं रोजगार प्रकोष्ठ की ओर से पुणे बिजनेस प्रबंधन संस्थान और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से विद्यार्थी विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कार्यवाहक प्रधानाचार्य सहायक आचार्य दीवान चंद के मार्गदर्शन में हुआ।
डॉ. सरोज वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार की तैयारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोजगार के लिए विषयगत ज्ञान के साथ अपनी बात स्पष्ट और आत्मविश्वास से रखने की क्षमता भी जरूरी है। उन्होंने समूह चर्चा और साक्षात्कार के दौरान बेहतर प्रदर्शन के तरीके बताए और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और चर्चा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवाद कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के साथ रोजगार के लिए जरूरी व्यावहारिक क्षमताएं विकसित करना रहा। विद्यार्थियों को बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप अपने कौशल को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॅरिअर परामर्श एवं रोजगार प्रकोष्ठ, सहयोगी संस्थाओं और विशेषज्ञ का आभार जताया।