हरिपुरधार के समीप सड़क पर वाहन खड़े होने से लगा जाम। स्रोत: जागरूक पाठक
लगा रहा जाम, हरिपुरधार से रोनहाट जा रही निगम की बस फंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोनहाट/नौहराधार (सिरमौर)। जिले के कस्बों की सड़कों पर लोग छोटे वाहन खड़े कर रहे हैं। इसके चलते बड़े वाहन चालकों को वाहन निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिलाई, रोनहाट, हरिपुरधार जैसे कस्बों से बाहर निकलते ही पिकअप, टिपर और निजी वाहन सड़क किनारे दोनों तरफ खड़े किए जा रहे हैं।
यात्री दुला राम शर्मा, विजय, विक्रम और सूरत चौहान ने बताया कि वीरवार को हरिपुरधार से रोनहाट की ओर जा रही सरकारी बस के चालक को भी इसी समस्या से जूझना पड़ा। इससे बस गंतव्य तक देरी से पहुंची। बस चालकों दलीप सिंह, मदन सिंह, अनिल और जय सिंह ने बताया कि कस्बों में सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों के कारण अकसर जाम की स्थिति बन जाती है। विशेषकर बस चालकों को काफी दिक्कत पेश आ रही है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।