बैठक में स्कूलों में लागू की गई क्लस्टर प्रणाली को लेकर जताया विरोध
वक्ता बोले, क्लस्टर प्रणाली से प्राथमिक शिक्षा का ढांचा हो रहा तहस-नहस
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला सिरमौर ने एक बार फिर से क्लस्टर प्रणाली को लेकर रोष व्यक्त किया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक शिक्षा पहले सही ढंग से कार्य कर रही थी। क्लस्टर प्रणाली के कारण प्राथमिक शिक्षा का ढांचा तहस नहस हो रहा है। संघ के पदाधिकारियों में स्कूलों में की जा रही प्रतिनियुक्ति को लेकर भी प्रधानाचार्यों पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
प्राथमिक शिक्षा से जुड़े मसलों को लेकर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरमौर की अहम बैठक जिला मुख्यालय नाहन में बीआरसी कार्यालय में हुई। बैठक में क्लस्टर प्रणाली का मुद्दा खूब गर्माया रहा।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान जय प्रकाश शर्मा ने की, जबकि महासचिव चतर सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान ने कहा कि सरकार की ओर से शिक्षा विभाग में जो क्लस्टर प्रणाली को लागू किया गया है। उससे बच्चों के सर्वांगीण विकास की बात कही जा रही थी, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। इस प्रणाली के कारण प्राथमिक शिक्षा का ढांचा तहस-नहस हो रहा है।
उन्होंने कहा कि क्लस्टर हैड वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्यों को बनाया गया है। वह प्राथमिक पाठशालाओं में प्रतिनियुक्ति पर अपना तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, वहां प्रतिनियुक्ति पर क्लस्टर के बाहर से शिक्षक भेजे जा रहे हैं। वह भी प्राथमिक स्कूलों से ही, जबकि वहां पर उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं से शिक्षक भेजे जाने चाहिए ताकि पढ़ाई सुचारू चल सके।
उन्होंने कहा कि होना तो यह चाहिए था कि एक या दो किलोमीटर की दूरी के अंदर प्रतिनियुक्ति की जाती, लेकिन प्रधानाचार्य 8 से 10 किलोमीटर दूर प्रतिनियुक्ति कर रहे हैं जो उनके तानाशाही रवैये को बताता है।
बैठक में सभी शिक्षकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए प्रधानाचार्यों के इस निर्णय की कड़ी आलोचना की और इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने पर सहमति दी। बैठक के बाद संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। इसके माध्यम से प्रधानाचार्यों के तानाशाही रवैये पर अंकुश लगाने और स्कूलों में प्रतिनियुक्ति उच्च पाठशालाओं से ही करने की मांग की। इस मौके पर तीन दर्जन से अधिक प्राथमिक शिक्षक मौजूद रहे।
संवाद
नाहन में प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में मौजूद सदस्य। संवाद