संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/ददाहू(सिरमौर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरमौर की बैठक बीआरसीसी कार्यालय ददाहू में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान जय प्रकाश शर्मा ने की। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ सिरमौर के 16 खंडों के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष और महिला विंग खंड कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सबसे पहले तीन माह से रिक्त चल वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से रंगीलाल पुंडीर को निर्वाचित किया गया। इसके बाद सभी शिक्षकों ने कलस्टर प्रणाली से प्राथमिक शिक्षा के ढांचे से की गई छेड़छाड़ का विरोध करते हुए इसे पूर्व की भांति रखने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में शिक्षा निदेशक के प्रतिनियुक्ति के आदेशों का कई प्रधानाचार्यों द्वारा मनमानी करने पर भी रोष प्रकट किया गया।
बैठक में कलस्टर प्रणाली के विरोध में निकाली जा रही पदयात्रा में शामिल होने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि 26 जुलाई को सभी प्राथमिक शिक्षक इसमें भाग लेंगे और कलस्टर प्रणाली का विरोध करेंगे।
बैठक में महासचिव चतर ठाकुर, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र, मुख्य सलाहकार सत्यपाल चौहान, सुधीर पंवार, कुलदीप ठाकुर, अजय कंवर, सुनील समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।