राजगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते प्राथमिक शिक्षक। संवाद
प्राथमिक शिक्षकों से इस प्रणाली को खुद के लिए बताया कुठाराघात
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में प्राथमिक शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर रविवार को एक सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से 23 सितंबर 2025 को जारी की गई नई क्लस्टर प्रणाली संबंधी अधिसूचना के विरोध में नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यह अधिसूचना वापस नहीं ली, तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अध्यक्ष प्रभु दयाल शर्मा ने बताया कि बिना किसी पूर्व परामर्श के जारी की गई यह नीति न केवल शिक्षकों के अधिकारों का हनन है, बल्कि इससे विद्यालयों के संचालन पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।
संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि फरवरी 2024 में इसी तरह की अधिसूचना का शिक्षकों ने विरोध किया था, जिसके बाद विभाग को उसे स्थगित करना पड़ा था, लेकिन अब वही प्रक्रिया दोहराई जा रही है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि पहले से ही शिक्षकों की भारी कमी के बावजूद विभाग नई नीतियां लागू कर रहा है, जिससे कार्यरत शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
संघ ने यह भी कहा कि नई अधिसूचना से मुख्य शिक्षक, केंद्रीय मुख्य शिक्षक और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों की प्रशासनिक शक्तियां सीमित हो जाएंगी, जिससे यह पद भविष्य में निरर्थक साबित होंगे। संघ ने इसे प्राथमिक शिक्षकों के साथ कुठाराघात बताया है।
संवाद