-2,152 कर्मियों और 4 मोबाइल टीमों ने जिलेभर में चलाया विशेष पोलियो अभियान
-नाहन में बीएमओ और संगड़ाह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने किया शुभारंभ
-छूटे बच्चों को 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक।
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नाहन/राजगढ़/संगड़ाह/हरिपुरधार (सिरमौर)। जिले में रविवार को आयोजित पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित लक्ष्य का 93 प्रतिशत हासिल किया। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 56,685 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। जिले में इस अभियान के तहत 61,881 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान छूटे बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब 29 और 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिला मुख्यालय नाहन में खंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कैंट स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान के महत्व की जानकारी दी। मेडिकल कॉलेज नाहन के मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित किया गया, जहां उपायुक्त प्रियंका वर्मा की बेटी सहित अन्य बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई गई।
जिलेभर में अभियान के लिए कुल 538 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। इन बूथों पर 2,152 स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा चार मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया, जिन्होंने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र, नाहन बस अड्डे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
संगड़ाह में अभियान का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने एक बच्चे को पोलियो की दवा पिलाकर किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कारणवश रविवार को उनके बच्चे दवा पीने से छूट गए हों तो सोमवार और मंगलवार को घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग कर बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं। वहीं राजगढ़, शिलाई, पांवटा साहिब, सराहां और हरिपुरधार क्षेत्रों में भी अभियान उत्साहपूर्वक चलाया गया और स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद सांगल ने बताया कि जिले में पहले दिन 56,685 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई है। शेष बच्चों को कवर करने के लिए 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर अभियान चलाएंगी, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इनसेट
पांवटा साहिब। राजपुर स्वास्थ्य खंड में पल्स पोलियो अभियान के तहत करीब बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ बीएमओ केएल भगत ने किया। उन्होंने बताया कि पोलियो की दवा पिलाने को 145 बूथ स्थापित किए गए। पांवटा साहिब-हरियाणा व उत्तराखंड सीमा पर पोलियो बूथ बनाकर आने जाने वाले बच्चों को दवाई पिलाई गई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खंड राजपुरा के तहत 24 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
कैंट स्कूल नाहन में पल्स पालियो अभियान का शुभारंभ करती बीएमओ धगेड़ा डॉ मोनीषा अग्रवाल। संवाद
कैंट स्कूल नाहन में पल्स पालियो अभियान का शुभारंभ करती बीएमओ धगेड़ा डॉ मोनीषा अग्रवाल। संवाद
कैंट स्कूल नाहन में पल्स पालियो अभियान का शुभारंभ करती बीएमओ धगेड़ा डॉ मोनीषा अग्रवाल। संवाद