पांवटा वन मंडल के 4 वन परिक्षेत्र में 10 हजार पौधे लगाने की वन विभाग की तैयारियां
आंवला, बहेड़ा और अर्जुन समेत औषधीय प्रजातियों के पौधों पर रहेगा विशेष ध्यान : डीएफओ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन विभाग ने वन संवर्धन योजना में वन विभाग पांवटा साहिब की करीब 50 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण करने की योजना प्रस्तावित है। अभियान में चार वन परिक्षेत्रों में करीब दस हजार पौधे रोपे जाएंगे। जनजागरूकता अभियान के साथ, पिछले वर्ष किए पौधरोपण की देखभाल भी की जाएगी।
बता दें कि जिला सिरमौर के पांवटा साहिब वन मंडल के तहत वन संवर्धन योजना के अंतर्गत वन विभाग इस बार बरसात के मौसम में 50 हेक्टेयर भूमि पर 10,000 पौधों का रोपण करना प्रस्तावित है। वन विभाग ने पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से आंवला, अर्जुन, बहेड़ा समेत स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। वन विभाग न केवल नए पौधों को लगाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, बल्कि आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। साथ ही नए पौधरोपण के साथ-साथ पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की उचित देखभाल व रखरखाव भी किया जाएगा।
वन मंडलाधिकारी पांवटा साहिब वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत कार्य हो रहा है। इस वर्ष मानसून में पांवटा साहिब वन मंडल के चार वन परिक्षेत्र में पचास हेक्टेयर भूमि पर दस हजार पौधों का रोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित इस योजना को लेकर वन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है।-