जिला सिरमौर में धूमधाम से मनाया गया रामनवमी का पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/ददाहू/हरिपुरधार/नौहराधार/रोनहाट(सिरमौर)। जिले में रामनवमीं का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में लोगों ने देवी मां को हलवा, पूरी, चने, फल व नवेद्य आदि का भोग लगाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने घरों में कन्याओं को भोजन करवाकर कंजक पूजन किया।
हरिपुरधार के मां भंगायणी मंदिर, नाहन के कालीस्थान मंदिर, धारटीधार क्षेत्र प्रसिद्ध ला माता मंदिर, ददाहू के अपर बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर, रेणुकाजी तीर्थ के गायत्री, मां रेणुका व अष्टभुजी दुर्गा मंदिर, बिजली व फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर सहित जमटा के माता बाला सुंदरी मंदिर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। रामनवमी के मौके पर निर्वाण आश्रम रेणुकाजी में आयोजित सतचंडी पाठ के संपूर्ण होने पर हवन-यज्ञ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर महिलाओं की ओर से मंदिरों में भजन-कीर्तन और भक्ति गीत संगीत का आयोजन किया गया।
बाक्स
रामनवमी पर इस्कॉन संस्था ने करवाया संकीर्तन
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के देई जी साहिब मंदिर में रामनवमी पर इस्कॉन संस्था ने संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें लोगों ने भक्तिरस में डूबकर भगवान श्रीराम का गुणगान किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भजन-कीर्तन में भाग लिया। श्रद्धालु हरे राम-हरे कृष्ण के जयकारों के साथ झूमते नजर आए।