कालाअंब में श्री शिव शक्ति सेवा मंडल ने मनाया दशहरा पर्व
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। कालाअंब के श्री शिवशक्ति सेवा मंडल की ओर से इस वर्ष भी दशहरा मेले का आयोजन किया गया। वीरवार शाम 5:00 बजे कालाअंब के उद्योगपति विश्वामित्र ने मारकंडा नदी के तट पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। इस मौके पर उनके साथ श्री शिवशक्ति सेवा मंडल के प्रधान मुनीष कौशिक, इंद्र लाल, यशपाल, अनिल सैनी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं, कालाअंब के साथ सटे प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में दशहरे के दिन 9200 श्रद्धालुओं ने माता के मंदिर में शीश नवाया। इस दौरान 5,57,600 रुपये नकद राशि श्रद्धालुओं ने माता को अर्पित की। मेला अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान ने बताया कि नवरात्र मेले के 11वें दिन विजयदशमी का पर्व मनाया गया। 9200 श्रद्धालु विभिन्न शहरों से त्रिलोकपुर पहुंचे। सभी सुविधाएं एवं सेवाएं चुस्त दुरुस्त हैं।