योजना की सर्वेक्षण रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को पुनर्विचार के लिए भेजी
संजय गुप्ता
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के लोगों को सीवरेज प्रणाली की सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। जानकारी के मुताबिक मोगीनंद-बांकाबाड़ा सीवरेज योजना की पाइपलाइन पिछले वर्ष आपदा के दौरान मारकंडा नदी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे जल शक्ति विभाग को लगभग ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
आपदा के बाद बांकाबाड़ा-मोगीनंद-कालाअंब सीवरेज योजना का विभाग ने सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण में पाया गया कि उक्त सीवरेज योजना की पाइपलाइन कई जगह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। भविष्य में उक्त सीवरेज लाइन के क्षतिग्रस्त होने की संभावना के मद्देनजर इसके सुधारीकरण का कार्य रोक दिया गया था। लिहाजा, इस योजना को शुरू होने में अभी और वक्त लग सकता है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि बांकाबाड़ा-मोगीनंद-कालाअंब सीवरेज योजना की सर्वेक्षण रिपोर्ट विभाग के उच्च अधिकारियों को पुनर्विचार के लिए भेजी गई है। मोगीनंद-कालाअंब सीवरेज प्रणाली का काफी हिस्सा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आता है, जो पिछले वर्ष आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि अभी इस योजना को शुरू होने में समय लग सकता है। फिलहाल इस मामले में उच्च अधिकारियों के आदेशों व दिशा निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है। त्रिलोकपुर-खैरी सीवरेज प्रणाली को जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत मंदिर न्यास की ओर से आवेदन भी किया जा चुका है।
...संवाद