-प्रशासन और रेणुकाजी विकास बोर्ड की पहल को जमकर मिली सराहना
-व्यापारियों ने किया अच्छा कारोबार, लोगों ने मनोरंजन के साथ खेलों का उठाया लुत्फ
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका विकास बोर्ड के सौजन्य से भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर पहली बार आयोजित तीन दिवसीय मेले का क्षेत्रवासियों ने जमकर आनंद लिया। मेले के दौरान तीनों दिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान और रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर के प्रयासों से आयोजित इस मेले की लोगों ने सराहना की।
मेले में करीब 120 दुकानदारों ने अपने स्टॉल लगाए और अच्छा कारोबार किया। खास बात यह रही कि बोर्ड की ओर से व्यापारियों से कोई शुल्क नहीं लिया गया। मेले में पारंपरिक व्यंजनों की खूब बिक्री हुई। नमकीन व मीठे सिड्डू, असकली, पटांडे और पहाड़ी राजमा दाल का स्वाद लोगों को खूब भाया। वहीं बर्फ का गोला मेले में लोगों की पहली पसंद बना रहा।
युवाओं ने मोमोज, चाउमीन और बर्गर जैसे फास्ट फूड का भी जमकर लुत्फ उठाया, जबकि जलेबी और मिठाइयों की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ रही। बच्चों के मनोरंजन के लिए हिंडोला, नाव (किश्ती), मिकी माउस और कार राइड जैसे झूले आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके अलावा खेल गतिविधियों में खिलाड़ियों और महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली। मेले के अंतिम दिन सोमवार को भीषण गर्मी के बावजूद मेला बाजार में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।
रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने मेले की सफलता पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहला प्रयास पूरी तरह सफल रहा है। आगामी वर्षों में इसे और बेहतर तरीके से आयोजित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं को भी और बढ़ावा दिया जाएगा। संवाद