संगडाह (सिरमौर)। संगडाह उपमंडल में बनाए जा रहे स्वास्थ्य कार्ड का परिवार के सभी लोगों को लाभ मिलता नजर नहीं आ रहा है। इसका कारण यह है कि स्वास्थ्य कार्ड में परिवार के पांच में से एक या दो सदस्यों के नाम प्रकाशित हैं। परिवार के अन्य सदस्यों के नाम कार्ड से गायब होने के कारण लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री व एसडीएम संगडाह को पत्र लिखा है।
उल्लेखनीय है कि संगडाह में पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा रहे हैं। इलाके की 41 पंचायतों के लोगों को कार्ड बनाने के लिए दो से तीन दिन तक अपनी बारी का इंतजार कर पड़ रहा है। बावजूद इसके कार्ड पर 5 सदस्यों में से एक या दो व्यक्तियों के नाम अंकित किए जा रहे हैं बाकी के नाम कार्ड से गायब हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, दैनिक वेतन भोगी, विधवा, अपंग, 80 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति के अलावा अंशकालीन कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए सरकार ने प्रत्येक खंड में कार्ड बाने का कार्य शुरू किया है। स्वास्थ्य कार्ड में कार्ड धारक के अलावा परिवार के 4 अन्य सदस्यों को भी लाभ मिलेगा। कार्डधारकों को जब इस बात का पता चला तो वह स्वास्थ्य लाभ लेने चिकित्सालय पहुंचे, लेकिन कार्ड में परिवार के अन्य सदस्यों को लाभ न मिलने से कार्ड बनाने आई टीम से लोगों ने त्रुटियों को सुधारने की गुजारिश की। कार्ड धारकों की गुजारिश के बाद भी टीम ने कार्ड में कोई सुधार नहीं किया। उधर, बीएमओ संदीप शर्मा ने बताया कि कार्ड बनाने वालों से उनका कोई लेना देना नहीं है।
वहीं एसडीएम संगडाह दिप्ती मंढोत्रा ने बताया कि उन्हें इस बारे शिकायत मिल चुकी है। कार्ड बनाने में त्रुटियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि 41 पंचायतों के लोगों को कार्ड बनाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिस कारण अलग-अलग कलस्टर बनाए जाने चाहिए।
-------------------------