-राष्ट्रीय राजमार्गों पर पैदल पथ पर अतिक्रमण की स्थिति ज्यों की त्यों
-हिमाचल पेंशनर्स वैलफेयर एसोसिएशन पांवटा साहिब इकाई की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल पेंशनर्स वैलफेयर एसोसिएशन पांवटा साहिब इकाई की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता अनिता चड्ढा ने की। बैठक में विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा गया। इसमें प्रमुख रूप से एनएच पर वाई पॉइंट, बांगरण चौक विश्वकर्मा चौक पर ट्रैफिक लाइटों की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई गई। इस दौरान लंबित मेडिकल, चिकित्सा भत्ता समेत पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर विचार मंथन किया गया।
अनिता चड्ढा और एसएस गुप्ता ने कहा कि सरकार का चिकित्सा की अदायगी के लिए बजट का प्रावधान करने की सूचना मिली है। इसके लिए सरकार का धन्यवाद किया जाता है। इसके उपरांत भी किसी सदस्य को अदायगी नहीं हुई है तथा अभी और इंतजार ही किया जा रहा है। पिछली घोषणाओं के कारण विश्वसनीयता की सदस्यों में कमी हुई है। सरकार यह भी घोषणा कर चुकी है कि 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सदस्यों को पूर्ण अदायगी की जा चुकी है लेकिन 8-9-22 के संदर्भ में संशोधित पेंशन का फरवरी 2022 से 7 सितंबर 2022 तक का 7 माह 7, दिन का बकाया 70 या 80 वर्ष पूर्ण किए सभी पेंशनर्स का एरियर देय है।
वक्ताओं ने कहा कि महंगाई भत्ते का विषय तो और भी चिंताजनक है। जुलाई 2023 से अब तक एरियर रोका हुआ है, महंगाई राहत 15 फीसदी कम मिल रही है। इस समय 45 फीसदी दिया जा रहा है जबकि देय 60 फीसदी है। निर्धारित चिकित्सा भत्ता 1000 रुपये के स्थान पर 400 रुपये ही दिया जा रहा है।
65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सदस्यों को क्रमशः 5, 10 और 15 फीसदी मूल पेंशन न देकर भत्ता दिया जा रहा है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शहर की समस्याओं की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। जलभराव की समस्या पहली वर्षा में ही काफी विकट हो गई है। शहर में यातायात व्यवस्था पूर्ण अव्यवस्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल पथ पर अतिक्रमण को नहीं रोका जा रहा है। बद्रीपुर चौक और बैरियर पर सार्वजनिक शौचालय का प्रावधान अभी तक नहीं हो पाया है। वाई पॉइंट, बांगरण चौक विश्वकर्मा चौक पर ट्रैफिक लाइटों अभाव ही बना हुआ है।
इस अवसर पर अनिता चड्ढा, टीपी सिंह, विजय पाल चौधरी, बीएस नेगी, केके चड्ढा, लखबीर सिंह, वीसी छिब्बर, इंद्र पाल वालिया, सतपाल सिंह, एनडी सरीन, जितेंद्र दत्त, विजय कुमार अग्रवाल, एमएल चौहान, वाईके जमवाल, केएल चौधरी, यशपाल सिंह, आरके अग्रवाल, शांति स्वरूप गुप्ता, जवाहर सिंह पाल मौजूद रहे।