जिला सिरमौर पेंशनर्स एंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की नाहन में बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर पेंशनर्स एंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की बैठक नाहन में हुई जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ओएल चौहान ने की। बैठक में पेंशनरों की मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सबसे पहले हाल ही में दिवंगत हुए पेंशनरों और हरिपुरधार बस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गई।
बैठक में इस बात को लेकर रोष प्रकट किया गया कि मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर को धर्मशाला में चल रहे विधानसभा सत्र क दौरान पेंशनरों को आश्वासन दिया था कि 10 दिन के भीतर पेंशनरों की समस्याओं के समाधान को लेकर जेसीसी का गठन करेंगे, लेकिन आज तक जेसीसी का गठन नहीं हुुआ।
जिला प्रधान ओएल चौहान ने कहा कि इससे पेंशनरों में भारी रोष पनपा हुआ है। बावजूद इसके सरकार चाहे तो पेंशनरों की मांगों को पूरा करके आने वाले टकराव को टाल सकती है। बैठक में देय मांगों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस बात को लेकर भी अफसोस जाहिर किया गया कि जब पेंशनर किसी कार्य से किसी कार्यालय में जाते हैं तो उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता है।
पेंशनरों ने बसों में सामान भिजवाने पर लिए जाने वाले किराये को भी बंद करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जब भी किसी बच्चे ने अपने परिवार या फिर मां-बाप ने अपने बच्चों को सामान भिजवाना होता है तो उनसे भारी भरकम किराया वसूला जाता है। बैठक में महासचिव प्रीतम चौहान, मुबारिक अली समेत अन्य पेंशनर मौजूद रहे।
-संवाद