एनएच-07 पर तेज रफ्तार वाहन से हादसा
शव की नहीं हो पाई शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब-नाहन एनएच-07 पर क्यारदा स्थित महावीर जिम के पास बीती रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार क्यारदा के पास सड़क पर एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में घायल मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति के सिर, मुंह, कान, पेट और एड़ी पर गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।