पांवटा साहिब में राज्य सीमा पर प्राचीन देई साहिबा मंदिर भूमि पर तैयार होना था बेहतर पार्क
-पार्क में बनना है कैफेटेरिया, सेल्फी प्वाइंट, म्यूजिकल फाउंटेंस, योग प्लेटफार्म और पाथ
-सीएसआर योजना में पांवटा क्षेत्र के उद्यमियों के सहयोग से तैयार होना है पार्क
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल-उतराखंड राज्य सीमा पर करीब आठ वर्ष पहले बेहतरीन पार्क तैयार करने की योजना प्रस्तावित रही है। इसमें ऐतिहासिक प्राचीन देई साहिबा मंदिर पांवटा के साथ लगती करोड़ों की भूमि पर पार्क-कैफेटेरिया प्रस्तावित योजना हैै। वर्ष 2018 में तत्कालीन डीसी सिरमौर ने बेहतरीन योजना तैयार की थी। इसमें सीएसआर योजना के तहत स्थानीय उद्यमियों का भी सहयोग मिलना है। हिमाचल राज्य सीमा पर शानदार पार्क, सेल्फी प्वाइंट व कैफेटेरिया योजना मार्च 2019 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद केवल एकमात्र गेट व भूमि समतल करने का निर्माण कार्य ही पूरा हो सका है।
बता दें कि वर्ष 2018 को तत्कालीन उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने बैठक में प्राचीन देईजी साहिबा मंदिर भूमि को अतिक्रमण से बचाने व विभिन्न योजनाओं को शुरू करने का फैसला बैठक में लिया था। भूमि को अतिक्रमण से बचाने को मंदिर भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण, बेहतरीन पार्क, बच्चों के मनोरंजन स्थल, सौर पैनल स्थापित करने तथा मंदिर न्यास की आय बढ़ाने को खाली पड़ी भूमि के सदुपयोग पर चर्चा की गई थी। देईजी साहिबा मंदिर की करीब 162.09 बीघा भूमि पर विभिन्न गतिविधियां को आरंभ करने का फैसला लिया था। सीएसआर योजना के तहत पार्क योजना 31 मार्च 2019 तक पूरा करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके बाद डीसी के आदेश पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक सिरमौर ने आर्किटेक्ट समेत प्रस्तावित मंदिर भूमि स्थल का दिसंबर 2018 में जायजा भी लिया। उपायुक्त के निर्देशानुसार स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के सहयोग से सीएसआर के तहत इस योजना का निर्माण होना था। इससे हिमाचल के प्रवेश गेट पर श्रद्धालुओं, पर्यटकों व शहर वासियों को बेहतरीन पार्क स्थल मिल सकेगा।
तहसीलदार पांवटा साहिब मस्तराम भारद्वाज ने कहा कि इस योजना के बारे में चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा इकाई से बात की जाएगी। आगामी बैठक में सीएसआर के तहत इस योजना कार्य को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बाक्स...
आगामी बैठक में मंथन होगा : सतीश गोयल
-हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स पांवटा इकाई अध्यक्ष सतीश गोयल ने कहा कि मंदिर न्यास कमेटी की होने वाली आगामी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। इस प्रस्तावित सीएसआर योजना को तैयार करने पर विचार-मंथन किया जा सेकगा।
बाक्स...
ये रही है प्रस्तावित पार्क की योजना
- प्रस्तावित योजना में एनएच-7 के साथ मंदिर भूमि पर बेहतरीन प्रवेश द्वार, कैफेटेरिया, सेल्फी प्वाइंट, योग प्लेटफार्म, शौचालय, रैन शेल्टर्स, कूड़ेदान, पैदल पार्क में चलने के लिए पाथ, वाटर स्प्रिंक्लिर, म्यूजिकल फाउंटेंस, बच्चों के मनोरंजक स्थल, बाउंड्री वाल, हरी घास-फूल-पौधे, हाइमास्ट लाइटें व रात को पार्क बेहतर दिखने के लिए लाइटिंग वर्क शामिल किया गया था।
...
श्री देईजी साहिब मंदिर भूमि पर पार्क योजना में आठ वर्षों के बाद केवल गेट ही बन सका है। संवाद