पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सैनवाला में हुआ विशेष युवा कार्यक्रम
-
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर माई भारत सिरमौर की ओर से शुक्रवार को पंचायत भवन, सैनवाला, नाहन में विशेष युवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिले के सक्रिय युवा क्लब राजीव नव युवक मंडल, सैनवाला के सहयोग से किया गया। इसमें युवाओं और स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित भाषण तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उनके जीवन, सामाजिक चिंतन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी और विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर युवाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्रसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, समर्पण और अंत्योदय की भावना को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
माई भारत सिरमौर की ओर से बताया गया कि युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सेवा भावना को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न युवा-केंद्रित गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।-