उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निजी क्लीनिकों में लगी अल्ट्रासाउंड मशीनों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं, लिंग की जानकारी देने वाले निजी अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों पर आवश्यक कार्रवाई करने और अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए क्लीनिक मालिकों को हिदायत देने के निर्देश भी स्वास्थ्य महकमे को दिए ताकि कन्या भ्रूण हत्या पर पूर्णतया प्रतिबंध लग सके।
उपायुक्त बीसी बडालिया ने मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में कहा कि जिला की कम महिला लिंगानुपात वाली पंचायतों में लोगों को बेटी के महत्व के बारे जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि सिरमौर में महिला लिंगानुपात 928 प्रति हजार और शिशु लिंगानुपात 928 प्रति हजार है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेटी के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाना चहिए। उपायुक्त ने कहा कि लोगों को जागरुक करने के लिए ग्रामीण स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए।
इसके लिए पंचायत स्तर पर कमेटी का गठन किया जाएगा। शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विवेक शर्मा ने पोक्सो एक्ट-2012 के बारे में जानकारी दी। एडीसी मनमोहन शर्मा व उप निदेशक उच्च शिक्षा रमेश चंद ने स्कूलों में लड़कियों की शिक्षा पर विशेष जानकारी उपलब्ध करवाई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ईरा तनवर ने शिविर में आए सभी अधिकारियों का स्वागत किया और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी।