सराहां में वामन द्वादशी मेले को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारी और लोग। संवाद
पूर्व सैनिक कल्याण लीग ने संवाद कार्यक्रम किया आयोजन
सैनिक कल्याण सहायता केंद्र स्थापित करने का भी आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पूर्व सैनिक कल्याण लीग (हिमाचल प्रदेश) की जिला आउटरीच पहल के तहत सराहां में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पूर्व सैनिकों को लीग के स्टेट लेवल कॉमन प्लेटफॉर्म, उद्देश्यों और कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय स्तर की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई।
लीग के सोलन जिला अध्यक्ष एवं प्रमुख वक्ता सूबेदार मेजर सच्चिदानंद शर्मा (सेवानिवृत्त) ने बताया कि बैठक में पूर्व सैनिकों ने सराहां में सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खोलने की मांग रखी। इसके अलावा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय नाहन में पर्याप्त स्टाफ तैनात करने और तहसील पच्छाद में सैनिक कल्याण सहायता केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पूर्व सैनिक के निधन के बाद अंतिम संस्कार के दौरान उचित सैन्य प्रतिनिधित्व और श्रद्धांजलि की व्यवस्था समेत अन्य कल्याणकारी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। शर्मा ने कहा कि बैठक में सामने आई समस्याओं और सुझावों को एकत्र कर स्टेट हेडक्वार्टर के समक्ष रखा जाएगा। संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के प्रयास भी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए मजबूत और प्रभावी राज्य स्तरीय मंच तैयार करना है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने स्टेट लेवल कॉमन प्लेटफॉर्म की पहल का स्वागत किया और आपसी समन्वय मजबूत करने पर सहमति जताई। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक एकता मंच के अध्यक्ष भुवनेश्वर दत्त सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।