नौहराधार में स्कूल में प्रवेश से पहले हाथों को सैनिटाइज करती एक छात्रा।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। कोरोना महामारी के बीच भले ही सरकार ने स्कूल और कालेजों में नियमित कक्षाएं शुरू करने के फरमान जारी कर दिए हैं। लेकिन स्कूल और कालेजों में अभी भी छात्र नहीं पहुंच रहे हैं।
डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में सोमवार को महज 20 विद्यार्थी ही पहुंचे। इस दौरान पढ़ाई नहीं हुई। अभी अभिभावक बच्चों को विद्यालयों और महाविद्यालयों में नहीं भेज रहे हैं। सरकार और शिक्षा महकमे ने एसओपी में अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल और कालेज भेजने के लिए मंजूरी पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसी वजह से बच्चों को पढ़ाई के लिए नहीं भेजा जा रहा है। वहीं कोरोना का खौफ अभी भी लोगों में है। यह भी बच्चों को पढ़ाई के लिए न भेजने की मुख्य वजह है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार भारद्वाज ने कहा कि नाहन कालेज में आनलाइन पढ़ाई करने वाले छात्रों की यथावत पढ़ाई जारी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। यदि छात्रों को किसी विषय को समझने में असुविधा हो रही है तो उनके लिए सप्ताह का एक दिन कालेज में क्लास लगाने का निर्णय लिया है। आनलाइन न पढ़ पाने वालों की कालेज में नियमित कक्षाएं ली जाएंगी। उन्हें अभिभावकों का सहमति पत्र साथ लाना होगा। सहमति पत्र वाले छात्रों को ही कक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी।