हरियाणा का युवक सट्टे की पर्चियों और नकद राशि के साथ पकड़ा
कालाअंब पुलिस ने जुआ अधिनियम के अंतर्गत मामला किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब पुलिस की ओर से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत क्षेत्र में जुआ सट्टा लगाने वाले लोगों पर नकेल कसी जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को क्षेत्र में काफी समय से एक सट्टा गिरोह के सक्रिय होने की शिकायतें लगातार मिल रही थी।
इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस गिरोह के एक सदस्य को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी की शिनाख्त 33 वर्षीय विजय निवासी गांव हाथवाला, जिला पानीपत, हरियाणा के तौर पर हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्चियां और 1530 रुपये नकदी भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी केएस कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं इसका भी पता लगाया जाएगा। लोगों से भी अपील की जा रही है कि ऐसे लोगों के झांसे में न आएं और सतर्कता बरतें।
संवाद