पंावटा (सिरमौर )। जनपद सिरमौर के पांवटा इलाके में फैला डेंगू बेकाबू हो गया है। मंगलवार को पांवटा अस्पताल में एक और मरीज डेंगू से ग्रस्त दाखिल किया गया। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे अस्पताल में दाखिल करना पड़ा। जबकि पहले से दाखिल मरीजों में से दो को छुट्टी दे दी गई है।
पांवटा, सतौन क्षेत्र में फैले डेंगू ने स्वास्थ्य विभाग की भी पोल खोलकर रख दी है। डेंगू नियंत्रण को लेकर बरसात से पहले ही अभियान चलाने के बारे में बैठकों का दौर तो शुरू हो गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ खास नहीं किया गया। उस पर जागरूकता के अभाव में अस्वच्छता लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। पांवटा अस्पताल में सोमवार को डेंगू के छह और एक मामला चिकनगुनिया का आया था। छह मरीजों में से दो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि एक और मरीज आज दाखिल हुआ।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. कमाल पाशा ने मरीज के दाखिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मरीज का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उसके उपचार में स्वास्थ्य विभाग की पुरी टीम जुट गई है। डॉ. पाशा ने बताया कि दो दिन पहले दाखिल डेंगू के 6 मरीजों की स्थिति में काफी सुधार आया है। इनमें से दो को घर भेज दिया गया है। डेंगू की चपेट में सतौन, शिलाई, गोंदपुर, धौलाकुआं, देवीनगर तथा बड़वास के लोग हैं। सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने कहा कि डेंगू मरीज के उपचार के लिए सिविल अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध है। मरीजों के सैंपल टेस्ट, दवाई, स्टाफ आदि सभी सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि डेंगू रोग से पीड़ित मरीज हो तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।