हादसे में 24 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
पांवटा-पुरुवाला सड़क के बीच लगे बिजली खंभे से जा टकराई बाइक
मीडिया में बार-बार उठाया गया है मामला, नहीं हुआ समाधान, मूकदर्शक बने संबंधित विभाग, हो रहे हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बद्रीपुर से पुरुवाला सड़क मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ। देर रात को एक बाइक सड़क के बीच लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस हादसे में घायल भगवानपुर निवासी युवक सनवर अली (24) की मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। माजरा पुलिस थाना टीम इस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार राजमिस्त्री का कार्य करने वाले भगवानपुर निवासी सनवर अली (24) पुत्र जफरुदीन रविवार देर रात को बाइक पर अपने भाई समरेज (22) के साथ घर जा रहे थे। छोटा भाई समरेज बाइक चला रहा था। पुरुवाला में सड़क के बीचों बीच लगे बिजली के खंभे से बाइक टकरा गई। इसमें बाइक में पीछे बैठा सनवर अली गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने सनवर को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि नए बने मार्ग के बीचों-बीच लगे बिजली के खंभे रात के समय नजर नहीं आते हैं। रात को बारिश हो रही थी, संभवत: बीच सड़क पर स्थित बिजली का खंभा अंधेरे में दिखाई नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के खंभे बीच रास्ते में लगाए गए हैं।
मीडिया ने इस बारे में कई बार खबरों को प्रकाशित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इस सड़क हादसे की जांच माजरा थाना के एएसआई आशीष व टीम कर रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक युवक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में माजरा थाना पुलिस टीम ने तफ्तीश शुरू कर दी है। इस मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच होगी।
संवाद
....