पांवटा साहिब किशनपुरा के किशनपुरा में घटना, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की
-गाय बचाने को पहुंचे किसान और दो युवक भी आए करंट की चपेट में, आकर बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब के किशनपुरा में बिजली बोर्ड की कथित लापरवाही से हुए हादसे में एक गाय की मौत हो गई, जबकि दो गायें गंभीर रूप से झुलस गईं। इस हादसे में गायों को बचाने पहुंचे किसान और दो युवक भी करंट की चपेट में आकर बाल-बाल बचे।
किशनपुरा निवासी दीपक कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में दीपक कुमार ने बताया कि उसके घर के पास बनी पशुशाला में उसकी तीन गायें बंधी हुई थीं। अचानक तीनों गायें जोर-जोर से रंभाने लगीं। शोर सुनकर दीपक, राहुल और शेर सिंह पशुशाला में पहुंचे तो देखा कि गायें छटपटा रहीं थीं।
जब उन्होंने गायों को खोलने की कोशिश की तो उन्हें भी तेज करंट लगा। बड़ी मुश्किल से रस्से काटकर गायों को बाहर निकाला गया। तब तक एक गाय की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि दो गायें करंट लगने से बेहोश हो गईं।
पीड़ित किसान का आरोप है कि हादसे से करीब 10 से 15 मिनट पहले ही बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने टूटी हुई लाइन की मरम्मत कर बिजली सप्लाई शुरू की थी। मरम्मत के दौरान लाइन में आई खराबी के कारण करंट पशुशाला तक पहुंच गया, जिससे यह हादसा हुआ।
दीपक कुमार ने अपनी शिकायत में बिजली बोर्ड की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है और नुकसान की भरपाई व उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।