एनएसयूआई सिरमौर ने नाहन कॉलेज में किया धरना-प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई सिरमौर ने नाहन कॉलेज में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मनदीप ठाकुर ने कहा कि आज पूरे देश में युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है, उनपर लाठियां बरसाई जा रहीं हैं। आज के दौर में वह समय देखने को मिल रहा है कि देश हित की बात करने वाले लोगों को भी जेल में डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक जैसी शख्सियत जिन्होंने देश के लिए हमेशा अपना योगदान दिया और देश का नाम रोशन किया है। उनको गिरफ्तार करना और उनपर राष्ट्र विरोधी मुकदमा लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
मनदीप ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और जनता की आवाज को कुचलने का काम कर रही है। इस मौके पर प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
-संवाद