-एसडीएम भी हुए शामिल, लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय शिलाई की एनएसएस इकाई एक और दो के स्वयंसेवकों ने सात दिवसीय शिविर के पांचवें दिन नशे और प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई की एनएसएस इकाई के विद्यार्थियों ने भी इसमें भाग लिया।
शिलाई के उपमंडलाधिकारी ने भी रैली में शामिल होकर स्वयंसेवियों का उत्साह बढ़ाया। रैली के दौरान लोगों से नशे से दूर रहने और प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल छोड़ने की अपील की गई। कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन और कार्यक्रम अधिकारी यशपाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर की शुरुआत योगाभ्यास और प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र शिलाई में मेडिटेशन और राजयोग का अभ्यास किया। केंद्र प्रमुख ब्रह्माकुमारी राखी दीदी ने उन्हें ध्यान और आध्यात्मिकता के महत्व की जानकारी दी।
स्वयंसेवियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद पशमी गांव में चालदा महासू महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भोजन परोसने में ग्रामीणों की मदद की और मंदिर परिसर की सफाई की।-