मुख्यातिथि सुषमा ने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना की
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का गरिमापूर्ण समापन हो गया। समापन समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्ष सुषमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समारोह के शुभारंभ पर मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने द्वारा सरस्वती वंदना, वंदे मातरम और स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं।
शिविर के समापन के अवसर पर स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। स्वयंसेवी परमजीत ने शानदार पंजाबी डांस प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं, छात्र-छात्राओं द्वारा नशे के खिलाफ एक प्रभावी स्किट (नाटक) का मंचन किया गया, जिसके माध्यम से समाज में बढ़ रहे नशे के दुष्प्रभावों और इसके बचाव का कड़ा संदेश दिया गया।
इसके उपरांत कार्यक्रम में एनएसएस गीत गाया गया और स्वयंसेवी दिव्या ने एनएसएस की विस्तृत सात दिवसीय रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही एक स्वरचित कविता का पाठ कर खूब तालियां बटोरीं। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पारंपरिक नाटी का भरपूर आनंद लिया।
इस विशेष अवसर पर विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या दीपिका, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सीमा रानी, अंजना चौहान सहित स्कूल के स्टाफ सदस्य और स्वयंसेवी विशेष रूप से उपस्थित रहे।-
पीएमश्री स्कूल नाहन में एनएसएस शिविर के समापन समारोह में नशे पर स्किट पेश करती छात्राएं। संवाद
पीएमश्री स्कूल नाहन में एनएसएस शिविर के समापन समारोह में नशे पर स्किट पेश करती छात्राएं। संवाद