संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनकला में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवी आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ रहे हैं। शिविर में 54 स्वयंसेवी न केवल विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं, बल्कि अपने दैनिक कार्यों की जिम्मेदारी भी खुद उठा रहे हैं। स्वयंसेवी शिविर के दौरान अपने लिए भोजन स्वयं तैयार कर रहे हैं। इसके माध्यम से वे खाना बनाने, आपसी सहयोग, समय प्रबंधन और सामूहिक रूप से जिम्मेदारियां निभाने का व्यावहारिक अनुभव हासिल कर रहे हैं।
शिविर में स्वयं भोजन तैयार करना स्वयंसेवियों के लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। सभी स्वयंसेवी मिलकर भोजन बनाने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक में सहयोग कर रहे हैं। इससे उनमें आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ श्रम के प्रति सम्मान और टीम भावना भी विकसित हो रही है। शिविर का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ जीवन में काम आने वाले व्यावहारिक कौशल और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ विकसित करना भी है।
प्रधानाचार्य प्रीति तंवर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में कार्यक्रम अधिकारी हरदेव सिंह ठाकुर स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। चौथे दिन तक 54 स्वयंसेवी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शिविर की गतिविधियों में जुटे हुए हैं।
वहीं, शिविर के तहत विद्यालय परिसर के सुंदरीकरण और स्वच्छता अभियान को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर स्कूल की दीवारों के रंग-रोगन और साफ-सफाई के निर्धारित कार्य का करीब आधा हिस्सा पूरा कर लिया है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ऋषि पाल शर्मा भी अभियान में सहयोग दे रहे हैं।
सात दिवसीय शिविर का समापन पांच नवंबर को होगा। इस अवसर पर शिविर के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।