संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ बुधवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्यातिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज शर्मा ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, योग, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक सेवा से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना है।
मुख्यातिथि डॉ. राजेंद्र वर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस छात्रों को समाज से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है और ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रो. रमेश चौहान, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. विपिन, डॉ. शशि किरण तथा प्रो. पूनम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
-संवाद