-चंडीगढ़ में चार दिवसीय प्रशिक्षण में हिमाचल के 20 स्वयंसेवियों ने लिया भाग, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास पर रहा फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय सराहां की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की स्वयंसेवी गीता शर्मा चंडीगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त कर वापस लौटी हैं। उन्होंने राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ में आयोजित चार दिवसीय जीवन कौशल शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। प्रशिक्षण में हिमाचल प्रदेश से चयनित 20 एनएसएस स्वयंसेवियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में प्रभावी संचार, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, भावनात्मक बुद्धिमत्ता तथा व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल विकसित करना था। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवियों को समाज सेवा से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई, ताकि वे राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान ने गीता शर्मा को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव का लाभ महाविद्यालय के अन्य स्वयंसेवियों को भी मिलेगा और वे समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने गीता शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सेवा भावना और जीवन कौशल का विकास करते हैं। इससे युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं।