15 दिन बाद विभाग करेगा कार्रवाई, जुर्माना भी देना होगा
राजस्व विभाग भी 81 अवैध कब्जों पर कार्रवाई में है जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए बैठे लोगों की अब खैर नहीं है। अवैध कब्जों पर कार्रवाई को लेकर विभाग मुस्तैद हो गए हैं। राजस्व विभाग की कार्यवाही के बाद वन विभाग ने भी ददाहू में 20 लोगों को नोटिस जारी करके 15 दिनों में कब्जा खाली करने के निर्देश दिए हैं। 31 जनवरी तक स्वयं कब्जा खाली न करने की सूरत में वन विभाग उन पर कार्रवाई करेगा।
ददाहू में वन विभाग की करीब पांच बीघा भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जे करके उस पर अपने ढारों आदि का निर्माण कर रखा है। इसे लेकर वन विभाग अब कार्रवाई करने की तैयारी में है।
विभाग ने उच्च न्यायालय का हवाला देते हुए रेणुकाजी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत 20 कब्जाधारियों को नोटिस थमा दिए हैं। जबकि राजस्व विभाग अवैध कब्जों के 81 मामलों में अलग से कार्रवाई करने मेंं जुटा हुआ है। अब, वन विभाग ने 15 दिनों में अवैध कब्जे खाली करने का फरमान जारी कर दिया है। इससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वन परिक्षेत्राधिकारी रेणुका अनुज ठाकुर ने ददाहू में वन भूमि पर अवैध कब्जा जमाए बैठे 20 लोगों को नोटिस भेजे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध कब्जों को लेकर विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। नोटिस के माध्यम से अवैध कब्जाधारियों को 15 दिनों में स्वयं ही अवैध कब्जे खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। कब्जा खाली न करने की सूरत में उन लोगों के कब्जे गिराए जाने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी, जिसका जुर्माना भी उन्हें अलग से वहन करना पड़ेगा।
संवाद