नाहन (सिरमौर)। स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी जमा दो व दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में जिला सिरमौर के कई स्कूलों का प्रदर्शन खराब रहा। ऐसे स्कूलों पर अब विभागीय गाज गिरना तय है। शिक्षा उप निदेशक कार्यालय से इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी हुए हैं। लिहाजा, स्कूलों को यह जवाब देना होगा कि खराब परीक्षा परिणाम आने की वजह क्या रही। इसके बाद स्कूलों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला सिरमौर में 28 स्कूल ऐसे हैं जिनका परीक्षा परिणाम जीरो से 25 फीसदी रहा है। इनमें 18 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं। जबकि 10 हाई स्कूल शामिल हैं। 25 से 50 फीसदी रिजल्ट देने वाले स्कूल भी दर्जनों हैं। जिला सिरमौर में मात्र 8 स्कूल ऐसे में जिनके रिजल्ट 100 फीसदी रहे हैं।
थैना बसोतरी हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम जीरो फीसदी रहा है। इस स्कूल में कोई भी छात्र 10वीं कक्षा में पास नहीं हुआ। इसके अलावा खालाक्यार, सांगना सताहन, मलगांव, हलाहां, पुरुवाला, चमेंजी, मृगवाल, जरवा जुनैली, मिल्लाह, जामना, लानाचेता, बकरास, मिश्रवाला, बड़वास, दाहन, कासर व सोडाध्याड़ी आदि स्कूलों में 25 फीसदी से कम रिजल्ट है। इन स्कूलों का परिणाम काफी निराशाजनक रहा है। हाल ही में स्कूल शिक्षा बोर्ड से मांगी गई स्कूलों की परफार्मेंस रिपोर्ट भी डिप्टी डायरेक्टर कार्यालय में पहुंची है। इसके बाद डिप्टी डायरेक्टर ने स्कूलों को भी रिजल्ट उपलब्ध कराने के लिए नोटिस भेजें हैं।
------------
बाक्स के लिए
स्कूलों में खाली पड़े पद भी मुख्य वजह
जिला सिरमौर के कई स्कूलों में अध्यापकों के दर्जनों पद खाली पड़े हैं। इसके कारण भी रिजल्ट खराब रहे हैं। जिला सिरमौर में कई स्कूल ऐसे भी हैं जो पीटीए व एमएससी टीचरों के सहारे चल रहे हैं। कई स्कूलों में पूरा स्कूल एक या दो अध्यापकों के सहारे हैं। कई अभिभावक कई स्कूलों में पढ़ाई का माहौल न होना भी मुख्य कारण मान रहे हैं।
---
स्कूलों से मांगा है रिपोर्ट कार्ड
उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च रमेश चौहान ने बताया कि सभी स्कूलों से रिपोर्ट कार्ड मांगा गया है। उन्होंने बताया कि खराब रिजल्ट वाले स्कूलों को नोटिस दिए हैं। नोटिस का जवाब आने के बाद स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।