विद्यार्थियों ने पॉकेट मनी से बचाए 5,215 रुपये राहत कोष में भेजे
नौहराधार विद्यालय के विद्यार्थियों की संवेदनशील पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार/नाहन(सिरमौर)। सिरमौर जिले के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार के विद्यार्थियों ने आपदा प्रभावित क्षेत्र के विद्यार्थियों की सहायता के लिए अपनी पॉकेट मनी से 5,215 रुपये की धनराशि एकत्र की। इस राशि को विद्यालय के चारों सदनों के कप्तान अनुष्का, रिधिमा, समृद्धि, सुनिधि, ऋषभ, सुजल विनय और नीलाक्ष ने मुख्यमंत्री राहत कोष-2025 में ऑनलाइन माध्यम से भेजा।
बेशक इतनी बड़ी त्रासदी के अनुपात में यह राशि बहुत छोटी हो लेकिन दूरदराज एवं ग्रामीण परिवेश के इस विद्यालय के विद्यार्थियों की यह संवेदनशील पहल बहुत बड़ी साबित हो सकती है। बता दें कि प्रदेश के विभिन्न शिक्षा संस्थानों में लगभग दस लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, यदि सभी विद्यार्थी मात्र दस रुपये दे कर भी इस पहल का हिस्सा बनें तो यह राशि एक करोड़ को पार कर सकती है। ऐसे निरंतर प्रयास केवल कुछ महीनों में ही प्रभावित विद्यार्थियों की शैक्षणिक सामग्री, वर्दी, स्कूल बैग और खेलकूद सामग्री आदि के लिए प्रर्याप्त सहयोग राशि एकत्र कर सकते हैं। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान, विद्यालय संरक्षक जोगेंद्र चौहान और हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ के चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की है।
-संवाद