सतौन में ग्रामीणों को चार दिन से नहीं मिल रहा पानी
प्राकृतिक स्त्रोतों और बारिश के पानी से हो रहा गुजारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। सतौन पंचायत में चार दिन से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे क्षेत्र की 5,000 की आबादी पानी को तरस गई है। ग्रामीण प्राकृतिक स्रोतों और बरसाती पानी पर निर्भर हैं।
जानकारी के अनुसार लोगों ने घरों में जो पानी स्टोर किया हुआ था, वह खत्म हो चुका है। बरसात की वजह से पानी के लिए प्राकृतिक जलस्रोतों पर जाना भी दुश्वार है। बावजूद इसके ग्रामीण किसी तरह पानी ढोकर ला रहे हैं।
सनद् रहे कि जिस तिलगन खड्ड से सतौन को पानी की आपूर्ति होती है वहां एनएच की कटिंग के दौरान निकला मलबा डाला गया है, जिससे खड्ड का नुकसान पहुंचा है। यही नहीं मलबे के कारण पीने के पानी की पाइपें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
जलशक्ति विभाग कफोटा सब डिवीजन के सहायक अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि टूटी हुई पेयजल लाइन जल्द दुरूस्त करने का प्रयास किया जाएगा। संवाद