बनेठी में आईपीएच कर्मचारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार की जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने कड़ी निंदा की है। मंगलवार को यहां जारी बयान में जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष विजेंद्र कंवर व महामंत्री नरवीर शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के साथ महासंघ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। महासंघ बैठक का आयोजन कर इस बारे में आगामी रणनीति तैयार करेगा।
कंवर ने कहा कि महासंघ की आगामी बैठक में प्रस्ताव पारित कर पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी क्योंकि प्रदेश के कर्मचारी जनता की समस्याओं को हल करने लिए अपनी सेवाएं देते हैं। कुछ तथाकथित या छुटभैये नेता कर्मचारियों को डरा धमकाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश में लगे हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ महासंघ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाएगा।