शिलाई (सिरमौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिलाई सुविधाओं के अभाव में खुद बीमार नजर आने लगा है। अस्पताल में 4 चिकित्सकों समेत स्टाफ के कई पद रिक्त पड़े हैं जिसके चलते स्थानीय अस्पताल केवल रेफरल अस्पताल बनता जा रहा है। शिलाई उपमंडल क्षेत्र की 29 पंचायतों की करीब 70 हजार जनता को दिक्कतें हो रही हैं। जनता व मरीज बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लिए भटक रहे हैं। प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते हालत बिगड़ रहे हैं जिससे रोगियों को पांवटा, नाहन एवं उत्तराखंड ले जाना पड़ रहा है।
शिलाई के एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चार चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ, एक्सरे तकनीशियन, दंत चिकित्सक, फार्मासिस्ट, प्रसूति विशेषज्ञ समेत अन्य पद रिक्त पड़े हैं। नाममात्र के लिए सामुदायिक अस्पताल रह गया है। हालत दिनों दिन खराब होती जा रही है। अधिकतर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। आपातकालीन स्थिति में यहां से मरीजों को पांवटा, नाहन या उत्तराखंड के निजी अस्पतालों को रुख करना पड़ रहा है। कांग्रेस व भाजपा नेता दावे बड़े-बड़े करते हैं लेकिन स्टाफ उपलब्ध करवाने में पूरी तरह से विफल रहे हैं। इसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को करना पड़ रहा है। शिलाई क्षेत्र के राजनेता भी शिलाई न रह कर पांवटा व नाहन रहते हैं।
टूरिस्ट की तरह कभी कभार क्षेत्र में पहुंचते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को तरस रही जनता किसको जाकर अपना दुखड़ा सुनाए। इन दिनों शिलाई में केवल दो जनरल डॉक्टरों के जिम्मे सारी स्वास्थ्य सेवाएं हैं।
उधर, जिला परिषद अध्यक्ष दलीप सिंह चौहान व शिलाई ब्लॉक के चेयरमैन रेणुबाला ने कहा कि क्षेत्र की जनता स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से परेशान है। क्षेत्र में एकमात्र अस्पताल है जिसमें डॉक्टर व स्टाफ के रिक्त पद हैं। रिक्त पद नहीं भरे जाने से निरंतर समस्याएं बढ़ती जा रही है। शिलाई अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने व रिक्त पदों को भरे जाने की की मांग प्रदेश सरकार से उठाई है।
...........
- क्या कहते हैं क्षेत्र के नेता और प्रतिनिधि
...कांग्रेस सरकार बनते ही डॉक्टरों के तबादले : बलदेव तोमर
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। सरकार बनते ही शिलाई अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों व कर्मचारियों के तबादले करवा दिए गए। बिना रिलीवर के तबादलों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया था लेकिन सरकार चिकित्सकों समेत रिक्त पद नहीं भरे हैं।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्यमंत्री से की है बात : हर्षवर्धन चौहान
...रोजगार सृजन बोर्ड अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस बारे मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से बात की गई है। शिलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों समेत रिक्त पदों को भरने की मांग रखी गई है। रिक्त पदों को शीघ्र भरने का आश्वासन मिला है।