कैसे संवरेगा भविष्य, हिंदी, अंग्रेजी और गणित की पढ़ाई भी नसीब नहीं
वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धार टिक्करी में शिक्षक-गैर शिक्षकों के नौ पद रिक्त
अभिभावकों में रोष, शिक्षक न भेजने पर सड़कों पर आने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार टिक्करी में प्रवक्ताओं और शिक्षकों की कमी के कारण राजभाषा हिंदी और अंतरराष्ट्रीय भाषा अंग्रेजी की पढ़ाई भी निपटाने वाले ढर्रे तक ही सीमित है।
क्षेत्र की करीब पांच पंचायतों के बच्चों को लाभान्वित करने वाली इस पाठशाला में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के आधा दर्जन से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं। स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से खाली पदों को भरने की मांग करते-करते थक चुके हैं लेकिन अभी तक खाली पद नहीं भरे गए।
जानकारी के अनुसार इस समय पाठशाला में 112 के करीब विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। डेढ़ साल से स्कूल में हिंदी, अंग्रेजी और इतिहास प्रवक्ताओं के पद भी खाली चल रहे हैं। इन विषयों की पढ़ाई निपटाने वाले ढर्रे तक ही सीमित है।
इसके अलावा टीजीटी नॉन मेडिकल, पीटीआई, कंप्यूटर शिक्षक, पीटीआई का पद भी लंबे समय से रिक्त है। यही नहीं गैर शिक्षकों में अधीक्षक और लिपिक का पद भी खाली है। इससे इस पद का बोझ भी शिक्षकों पर ही आन पड़ा है।
स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान धनेश्वर सिंह, सुरेश ठाकुर, देवराज ठाकुर, मोहर सिंह, संजीव कुमार, ओमप्रकाश व जयराज ने बताया कि स्कूल का दर्जा तो बढ़ा दिया लेकिन शिक्षकों के कारण पढ़ाई बच्चों को नसीब हो रही रही।
वह पूर्व मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री व वर्तमान मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं लेकिन किसी ने यहां शिक्षक नहीं भेजे।
अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि स्टाफ की जल्द नियुक्ति नहीं हुई तो उनको विवश होकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी विभाग और सरकार की होगी।
प्रधानाचार्य बंसी लाल नेगी ने बताया कि यहां रिक्त पड़े पदों की सूचना विभाग को भेजी जा चुकी है। उम्मीद है शिक्षकों की नियुक्ति जल्द हो पाएगी।
संवाद