-बोले, खेल भावना को पहुंचा आघात, अब संगठन के साथ नहीं खेलेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में मेस्ट्रो स्पोर्ट्स संघ हिमाचल प्रदेश ने राज्य स्तरीय मास्टर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता आयोजित की। इस प्रतियोगिता में कई खिलाड़ियों ने जीत दर्ज करने के बाद भी उनको मेडल नहीं दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रेस को जारी बयान में खिलाड़ी धनवीर ने कहा कि इस दौरान हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता के 35 प्लस डबलस में विक्रांत और आदिल, 40 प्लस डबल्स में धनवीर ठाकुर और दिनेश ठाकुर, 45 प्लस डबल्स में महेंद्र और चतर, 50 प्लस डबल्स में महेंद्र और बत्रा विजेता रहे। जबकि सुरेंद्र राणा और हुकुम शर्मा उपविजेता रहे। इसी प्रकार सिंगल मैचों में भी शानदार प्रदर्शन किया।
हैरानी और दुख की बात ये रही कि जीत दर्ज करने के बाद उनको मेडल नहीं दिए गए। जबकि एंट्री फीस 500 रुपये ली गई थी। उन्होंने कहा कि इस बारे में जब कार्यवाहक अधिकारी पंकज से पूछा तो उन्होंने बताया कि महासचिव का कहना है कि मेडल खत्म हो गए हैं। इससे उनकी खेल भावना को ठेस पहुंची है और निर्णय लिया है कि वह इस संगठन के द्वारा आयोजित होने वाले किसी प्रकार के खेलों का हिस्सा नहीं बनेंगे।
मेस्ट्रो स्पोर्ट्स संघ के महासचिव विजय यादव ने बताया कि खेलें अधिक होने के कारण अंतिम दिन अधिक समय हो गया था। इस कारण गुरुद्वारा मैदान में अवार्ड सेरेमनी करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जो भी चूक रही है उसे दूर किया जाएगा। खिलाड़ियों को उनके मेडल और प्रमाण पत्र कल तक पहुंचा दिए जाएंगे।
संवाद