संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ऐतिहासिक रेणुका जी तीर्थ के प्रवेश द्वार ददाहू में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने परिवहन व्यवस्था में बदलाव और सख्ती की तैयारी कर ली है। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बाजार में वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुबह 8:00 से 9:30 बजे और दोपहर 2:30 से 4:00 बजे तक छोटे-बड़े किसी भी वाहन से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं की जा सकेगी।
बुधवार को ददाहू में रोड सेफ्टी क्लब की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएसपी संगड़ाह मंगत राम ठाकुर ने कहा कि यातायात को सुचारू रखने के लिए इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। पुलिस पहले दो दिन व्यापारियों को जागरूक करेगी। इसके बाद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीएसपी ने मोटर मेकेनिकों को निर्देश दिए कि खराब वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय पर्याप्त दूरी बनाकर निर्धारित स्थान पर रखें, ताकि यातायात बाधित न हो। निजी और सरकारी बसों को भी सड़क पर खड़ा करने के बजाय बस अड्डा परिसर में ही पार्क करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को सड़क किनारे अनावश्यक अतिक्रमण से बचने की नसीहत दी गई, ताकि बाजार में वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
-बॉक्स
नशे के खिलाफ पुलिस मांगेगी लोगों का सहयोग
बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रभाव और युवाओं की मौत पर भी चिंता जताई गई। डीएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस और समुदाय को मिलकर प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने लोगों से नशे का कारोबार या नशाखोरी करने वालों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करने का आग्रह किया, ताकि नशे के बढ़ते प्रभाव पर रोक लगाई जा सके।
बैठक में एसएचओ प्रियंका चौहान, एएसआई मोहिंदर कुमार, एचएससी वीरेंद्र कुमार, पंचायत प्रधान पंकज गर्ग, उपप्रधान करण जस्सल, पूर्व प्रधान रविंद्र गुप्ता, व्यापार मंडल प्रधान राजन गोयल समेत रोड सेफ्टी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और व्यापारी मौजूद रहे।
रेणुका थाने में सड़क सुरक्षा क्लब की बैठक की अध्यक्षता करते डीएसपी। संवाद