बिलों का भुगतान न होने से नगर परिषद को नहीं मिला डीजल
कचरा उठाने वाले वाहनों की थम गई रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने के लिए घरद्वार से कचरा उठाने की योजना शुरू की गई है, लेकिन कई-कई दिनों तक गाड़ियों के न आने के चलते शहरवासियों को समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला शहर के वार्ड नंबर 5 में सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड नंबर 5 में पिछले करीब चार दिनों से घरद्वार से कचरा उठाने वाली गाड़ी ही नहीं पहुंच रही है। ऐसे में वार्ड के लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों सुधीर कांत रमौल और प्रदीप आदि ने बताया कि कचरा उठाने वाली गाड़ी न आने के चलते करीब चार सप्ताह से कचरा घरों में ही सड़ रहा है। हर रोज सुबह लोग गाड़ी का इंतजार करते हैं, लेकिन गाड़ी कचरा उठाने नहीं पहुंच रही है। ऐसे में यहां करीब 125 घरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और अधिक बढ़ जाती है। बरसात के दिनों में कचरा एक दिन से ज्यादा घर में रखना बीमारियों को न्योता देने जैसा है। लोगों ने नगर परिषद से मांग उठाई है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
उधर, जब मीडिया की ओर मामले में पूछताछ की गई तो पता चला कि पेट्रोल पंप का डीजल के लंबित बिलों का भुगतान न होने के चलते गाड़ी को डीजल नहीं मिल रहा है। ऐसे में गाड़ी को मजबूरन नगर परिषद को खड़ी करना पड़ गया है।
हालांकि अधिकतर क्षेत्रों में नगर परिषद की ओर से कचरा उठाने वाली गाड़ियों को आउटसोर्स किया गया है। तीन गाड़ियां नगर परिषद की ओर से चलाई जा रही थीं। इनमें से दो पहले ही खड़ी हैं, लेकिन अब डीजल न मिलने से तीसरी गाड़ी भी खड़ी हो गई है।
किन्हीं कारणों के चलते डीजल के बिल का भुगतान नहीं हो पाया था। अब भुगतान किया जा रहा है, जल्द ही गाड़ी नंबर 5 में कचरा उठाने पहुंचेगी।
-अजय गर्ग, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन