सतौन (सिरमौर)। लाल ढांग रोहडू राष्ट्रीय मार्ग 707 पर सतौन से शिल्ला तक की सड़क किनारे बनीं निकास नालियां ब्लॉक हो गई हैं। पानी के निकास के पुख्ता प्रबंध नहीं होने के कारण नेशनल हाईवे पर पानी जमा हो रहा है। सड़क तालाब में तब्दील हो रही है। सड़क का पानी बह कर रिहायशी घरों और दुकानों में घुस रहा है जिससे ग्रामीणों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
तिलोरधार व्यापार मंडल प्रधान प्रताप तोमर, नरेश तोमर, पूर्ण तोमर, राजेंद्र शर्मा, महेंद्र तोमर आदि ने बताया कि तिलोरधार बाजार और कमरउ बाजार में बरसात होने पर पानी और मलबा दुकानों-घरों में घुस रहा है। प्रशासन जनता के द्वार और लोक जन सुनवाई के दौरान उपायुक्त सिरमौर और अन्य कई अधिकारियों के समक्ष भी यह मुद्दा उठा था। कई बार विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण करने आए। बावजूद इसके स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बद्रीपुर से शिल्ला तक 42 किमी सड़क पक्की हो गई है। विभाग ने पानी की निकासी के लिए कोई नालियां नहीं बनाई। सबसे ज्यादा परेशानी रिहायशी क्षेत्र सिरमौरी ताल, सतौन, बड़वास, खजियार, कमरउ, तिलोरधार, कफोटा, शिल्ला में हो रही है। यहां बरसात होने पर पानी और मलबा रिहायशी जगहों पर जा रहा है। सड़क पर भी मलबा कई जगहों पर आ चुका है।
उधर, एनएच के सहायक अभियंता दिविज ने बताया कि मलबे वाली जगहों पर ड्रेनेज बनवाने के लिए एस्टीमेट भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही इसे ठीक कर दिया जाएगा। इस बरसात में जहां मलबा गिरा है उसे जेसीबी से साफ करवा दिया जाएगा।