मरीजों को उपचार के लिए नाहन, सोलन और उत्तराखंड की लगानी पड़ रही लंबी दौड़
हरिपुरधार हादसे ने उजागर की दुर्गम क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था
नौहराधार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन नहीं हो पाया शुरू
कपिल ठाकुर
नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर जिले के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों और सेवाओं की दरकार है। खासकर राजगढ़ से लेकर नौहराधार, हरिपुरधार, रोनहाट के बीच कोई बड़ा स्वास्थ्य संस्थान नहीं है, जहां पर पीएचसी या सीएचसी स्तर के संस्थान हैं, उनमें स्टाफ और सुविधाओं की भारी कमी है। ऐसे में लोगों को अब भी उपचार के लिए नाहन, सोलन और उत्तराखंड जाना पड़ रहा है।
हरिपुरधार के समीप बीते शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर से जिला सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था उजागर की। हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। कई घायल अभी भी अस्पतालों में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। आलम यह है कि करीब 95 किलोमीटर लंबे इस दुर्गम क्षेत्र में कोई भी बड़ा स्वास्थ्य संस्थान नहीं है।
हादसे के बाद जब घायलों को हरिपुरधार से नौहराधार, राजगढ़ और सोलन रेफर करना पड़ा तो स्वास्थ्य संस्थानों की कमी खूब खली। नौहराधार में भी हालात बदतर थे। पुराने अस्पताल भवन में केवल दो बेड होने के कारण डॉक्टरों को सड़क पर ही घायलों का प्राथमिक उपचार करना पड़ा। हालांकि नौहराधार में बहुमंजिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तैयार है, लेकिन उसे अभी तक शुरू नहीं किया गया है। यह भवन 10 वर्षों से बन रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और स्थानीय विधायक विनय कुमार भी इस भवन का निरीक्षण कर चुके हैं, बावजूद इसके अभी तक यह शुरू नहीं हो पाया है। यह अस्पताल 16 पंचायतों का केंद्र बिंदु है। वहीं शिमला जिला के कुपवी और शिलाई के रोनहाट आदि से दर्जनों पंचायतों के लोगों इस अस्पताल के शुरू होने से लाभ मिलेगा। सीएचसी नौहराधार के पुराने भवन के अस्पताल में सिर्फ दो बिस्तर हैं। कई बार एक ही बिस्तर पर दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। ऐसे में अधिकांश गंभीर मरीजों को सीधे दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है।
नौहरा पंचायत के प्रधान राजेंद्र सिंह, भारत भूषण कमल, संजय दिलावर सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नये भवन को जल्द शुरू करने की मांग की है। साथ ही यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और सभी आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी उद्घाटन से पहले सुनिश्चित की जाए।
लोक निर्माण विभाग संगड़ाह मंडल के अधिशासी अभियंता राम सिंह ने बताया कि भवन बनकर तैयार है। इसकी सूचना प्रशासन और विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उम्मीद है जल्द भवन का उद्घाटन कर इसे शुरू किया जाएगा।
संवाद