बारिश से 9 सड़कों पर आवाजाही ठप, 287 ट्रांसफार्मर प्रभावित
भारी गरज के साथ सिरमौर के कई इलाकों में रातभर हुई तेज बारिश
लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड ने कुछ घंटों में बहाल की सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर के कई इलाकों में भारी बारिश से 9 सड़कें घंटों बंद रहीं। इसके चलते लोक निर्माण विभाग को फिर भारी नुकसान हुआ। वीरवार रात से जिले के अधिकांश हिस्सों में तेज गरज के साथ बारिश हुई।
बारिश के बीच शुक्रवार को बिजली बोर्ड के 287 ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित रहे। लिहाजा, कई क्षेत्रों में ब्लैक आउट जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि, शाम तक बोर्ड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आपूर्ति को बहाल कर दिया। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने भी कई सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया।
बता दें कि जिला मुख्यालय नाहन समेत कई इलाकों में वीरवार रात से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शुक्रवार सुबह 11:00 बजे तक चला। इस दौरान पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्रों में भी बारिश हुई।
नाहन इलाके में पिछले पांच दिन से शाम के समय बारिश हो रही है। जबकि कई इलाके ऐसे भी हैं जहां पिछले कई दिनों से बारिश की बूंद तक नहीं पड़ी। इन दिनों मक्की की फसल भी तैयार है। वीरवार रात को हुई बारिश से कई जगह मक्की को भी नुकसान पहुंचा है।
...
बारशि से ये सड़कें रहीं बंद
बारिश के चलते शुक्रवार को खजुरना-सुकैती-कालाअंब, बनोग-सुरला-कौलांवालाभूड़, सोलन-मीनस, अंधेरी-पालियों, नैनीधार-शखोली, नैनीधार-शखौली-रास्त, शकोली, मातर-भेड़ों, नलका-संभालका सड़कें घंटों बंद रहीं। देर शाम तक विभाग ने कई सड़कों को बहाल कर दिया। कुछ सड़कों को खोलने का काम जारी था। वहीं, बिजली बोर्ड ने नाहन में 202 और पांवटा साहिब में प्रभावित हुए 85 ट्रांसफार्मरों को भी बहाल कर दिया है।