वन परिक्षेत्र शिलाई के अंतर्गत लंबीधार वन आरक्षित भूमि में अवैध पेड़ों को काटने का खुलासा हुआ है। विभाग ने वन काटुओं के खिलाफ सर्च वारंट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार टीम ने धालाधार में एक नव निर्मित कमरे से 9 नग लकड़ी पकड़ने में सफलता पाई है।
वन विभाग की टीम का नेतृत्व कर रहे फोरेस्ट गार्ड मोहित कुमार ने बताया कि जगदीश उर्फ थापा पुत्र जीत सिंह नैनीधार-धालाधार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान धालाधार के एक नव निर्मित कमरे के बाहर लकड़ी के फट्टे व नग मिले हैं जिसका मूल्य करीब 42 हजार है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से जगदीश उर्फ थापा की डीआर काटी जाएगी।
उधर वन परिक्षेत्राधिकारी फतेह सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि यदि जगदीश उर्फ थापा डीआर की राशि जमा नहीं करवाता है तो मामला अदालत में भेजा जाएगा।