-हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में नवागंतुकों का स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान के वातावरण से परिचित करवाने के साथ उनमें आपसी मेलजोल और सहयोग की भावना विकसित करना रहा।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. आरबी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, लगन और सकारात्मक सोच जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
संस्थान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपर्णा बंसल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विभिन्न खिताबों के विजेताओं की घोषणा की गई। तमन्ना ने मिस फ्रेशर और पुष्पेंद्र ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। वहीं, नैन्सी को मिस पर्सनैलिटी और समीर को मिस्टर पर्सनैलिटी चुना गया।-